सिरौलीगौसपुर में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 98 में 12 का मौके पर निस्तारण

अनिल कनौजिया 

सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी) तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 98 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष 86 शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए तय समय में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और प्रत्येक प्रार्थना पत्र को पढ़कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, शिकायतकर्ता को वास्तविक एवं स्थायी राहत मिलनी चाहिए।

उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामवार भूमि विवादों को चिन्हित कर सूचीबद्ध किया जाए और संयुक्त टीमों के माध्यम से मौके पर जाकर प्रभावी निस्तारण कराया जाए। अधिकारियों को आपसी समन्वय और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज, क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंत, तहसीलदार सिरौलीगौसपुर, खंड विकास अधिकारी संजीव कुमार गुप्ता, अधिशासी अभियंता विद्युत एवं सहायक अभियंता सहित जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।